कार और बाइक की टक्कर में दो किशोर घायल, अस्पताल में उपचार जारी

डेस्क खबर राहुल गुप्ता /कुसमी। नगर पंचायत कुसमी में एक कार और बाइक के बीच हुई टक्कर में दो किशोर घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसके पश्चात उनकी स्थिति नाजुक लगने पर उन्हें अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजेंद्रपुर निवासी 16 वर्षीय बालक और सामरी निवासी 15 वर्षीय बालक स्कूली ड्रेस पहने बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। यह कार भाजपा अजजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष दीपक सोनवानी की बताई जा रही है, जिसे उनके भाई कुलदीप सोनवानी चला रहे थे।

हादसे में कार सवार सुरक्षित हैं, जबकि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया। तत्पश्चात हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने स्कूली बालकों को अंबिकापुर के लिए रेफर कर दिया है
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और अभिभावकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

