डेस्क खबर

छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, मुख्य संचालक गिरफ्तार



खैरागढ़। ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छुईखदान पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक कथित ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के प्रमुख संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रायपुर जिले के तिल्दा निवासी 36 वर्षीय तरुण वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी कानून और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस जांच के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए एक अन्य आरोपी से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आईं। जांच में पता चला कि वर्ष 2021 से यह नेटवर्क राज्य के बाहर से संचालित किया जा रहा था और बाद में इसका संचालन छत्तीसगढ़ में भी शुरू किया गया। इसी दौरान आरोपी ने ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े पैनल उपलब्ध कराए, जिसके बदले उसे कारोबार का तय प्रतिशत कमीशन मिलता था।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि डिजिटल भुगतान के माध्यम से आरोपी के खाते में लाखों रुपये कमीशन के रूप में पहुंचे। गिरफ्तारी से पहले उसने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन नष्ट कर दिया था। हालांकि, पुलिस ने उसके कब्जे से एक लैपटॉप, दो मोबाइल फोन, बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज, एटीएम कार्ड और अन्य डिजिटल सामग्री बरामद की है। जब्त किए गए उपकरणों की फोरेंसिक जांच की जा रही है, जिससे इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!