जांजगीर-चांपाडेस्क खबर

नगर पंचायत अध्यक्ष के चेंबर में गोरक्षकों से मारपीट! एल्डरमेन समेत 3 पर FIR, अध्यक्ष पर संरक्षण देने के आरोप से मचा बवाल ..बिलासपुर बिलासपुर रोड स्थित गायत्री मंदिर से जुड़ा कनेक्शन ??



डेस्क खबर जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण नगर पंचायत अब विकास कार्यों से नहीं, बल्कि अध्यक्ष के चेंबर में हुई कथित मारपीट और बवाल को लेकर सुर्खियों में है। गोरक्षकों का आरोप है कि बैठक के बहाने उन्हें नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत के कक्ष में बुलाया गया, जहां उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इस मामले में पुलिस ने एल्डरमेन आयुष केडिया, आनंद केडिया और बुद्धेश्वर केशरवानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
घटना के बाद कोरबा, जांजगीर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बजरंग दल और गोरक्षक संगठन के कार्यकर्ता शिवरीनारायण थाने पहुंच गए। जमकर नारेबाजी हुई और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के साथ नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत को भी जांच के दायरे में लाने की मांग उठी।


शिकायत के अनुसार, 14 जुलाई को कुछ गोरक्षकों ने बिलासपुर रोड स्थित गायत्री मंदिर के पास संदिग्ध रूप से मवेशी ले जा रहे लोगों से पूछताछ की थी। अगले दिन 15 जुलाई को उन्हें बैठक के नाम पर नगर पंचायत कार्यालय बुलाया गया। आरोप है कि अध्यक्ष के कक्ष में पहले से मौजूद एल्डरमेन आयुष केडिया, आनंद केडिया और बुद्धेश्वर केशरवानी ने मवेशियों के मुद्दे पर विवाद शुरू किया और फिर गाली-गलौज व मारपीट की। शिकायतकर्ताओं का यह भी आरोप है कि पूरी घटना के दौरान अध्यक्ष राहुल थवाईत चुपचाप बैठे रहे।
पुलिस ने मामले में आनंद केडिया, आयुष केडिया और बुद्धेश्वर केशरवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, बजरंग दल और गोरक्षक संघ ने अध्यक्ष राहुल थवाईत पर गौ तस्करों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि यदि अध्यक्ष निष्पक्ष होते तो कथित आरोपियों के खिलाफ स्वयं कार्रवाई करवाते। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और पुलिस जांच जारी है।
इस बीच नवनियुक्त एल्डरमेन आयुष केडिया पर भी स्थानीय स्तर पर दबंगई और पद के दुरुपयोग के आरोप लगाए जा रहे हैं। इन आरोपों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नगर पंचायत के सीएमओ कन्हैया निर्मलकर ने कहा कि घटना के समय वे कार्यालय में मौजूद नहीं थे, इसलिए उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी नहीं है और उन्होंने इस मामले में थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।

error: Content is protected !!