


डेस्क खबर बिलासपुर../ बिलासपुर शहर के तारबाहर थाना क्षेत्र के अंबा पेट्रोल पंप में बाइक की मामूली टक्कर का विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि एक आरक्षक ने अपने साथी के साथ मिलकर खुद को मीडियाकर्मी बताने के बाद भी शिवा गोरख के साथ मारपीट कर दी। पत्रकार शिवा ने तत्काल इसकी शिकायत तारबहार थाने में की जिसके बाद पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी में दिख रहे फुटेज के बाद पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है । वही पूरे मामले में एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल सख्ती दिखाते हुए आरोपी आरक्षक अभिषेक बक्श को लाइन अटैच कर दिया। वहीं, दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पत्रकार शिवा गोरख के मुताबिक मंगलवार रात करीब 8 बजे वह अंबा पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने पहुंचा था। भीड़ के चलते उसकी बाइक सतीश ताती की बाइक से हल्के से टकरा गई। मामूली बात पर विवाद शुरू हुआ और आरोप है कि सतीश ने अपने परिचित आरक्षक अभिषेक बक्श को मौके पर बुला लिया। शिकायत के अनुसार, मौके पर पहुंचते ही आरक्षक ने कानून का पालन कराने के बजाय कथित तौर पर खुद ही मारपीट शुरू कर दी।

इसके बाद सतीश ने भी शिवा गोरख के साथ मारपीट की। पीड़ित ने तारबाहर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने सतीश ताती और आरक्षक अभिषेक बक्श के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरक्षक अभिषेक बक्श को तत्काल लाइन अटैच कर दिया। बताया जा रहा है कि आरक्षक फिलहाल 15 दिनों की छुट्टी पर है, लेकिन शिकायत सामने आने के बाद विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।