डेस्क खबर

बर्थ-डे पार्टी बनी मौत की पार्टी, मामूली विवाद में दोस्त ने बोलेरो कैंपर से कुचलकर ले ली जान,आरोपी हुआ फरार ..



अजय राय की कलम से
डेस्क खबर कोरबा../जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बर्थ-डे पार्टी के बाद हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त को बोलेरो कैंपर से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई की रात करीब 11 बजे थाना दीपका क्षेत्र के 10-12 युवक अपने साथी विकास हुड्डा का जन्मदिन मनाने थाना उरगा क्षेत्र स्थित मीरा रिजॉर्ट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर तुषार ढांडा और उज्जवल दीवान के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि उस समय साथियों ने दोनों को शांत करा दिया।
रिजॉर्ट से बाहर निकलने और चेक-आउट के बाद सड़क पर दोनों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान तुषार ढांडा गुस्से में अपनी बोलेरो कैंपर में बैठा और वाहन को उज्जवल दीवान के ऊपर चढ़ा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मौजूद साथियों ने गंभीर रूप से घायल उज्जवल दीवान को तत्काल जिला चिकित्सालय, कोरबा पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना उरगा में आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

error: Content is protected !!