


डेस्क खबर बिलासपुर ../ जिले की धार्मिक नगरी रतनपुर का बिकमा तालाब सुबह सुबह अचानक क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बन गया। वजह थी तालाब किनारे एक साथ दिखाई दिए मगरमच्छ के 6 नन्हे बच्चे। सुबह तालाब पहुंचे लोगों की नजर जैसे ही इन छोटे-छोटे मगरमच्छों पर पड़ी, इलाके में कौतूहल फैल गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
जानकारी के अनुसार तालाब किनारे मगरमच्छ ने अंडे दिए थे, जिनसे हाल ही में बच्चे बाहर निकले हैं। बच्चों के तालाब के बाहर दिखाई देने पर लोगों ने तत्काल रतनपुर पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वन अमला मौके पर पहुंचा तथा स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
वन विभाग ने मगरमच्छ के इन नन्हे मेहमानों को अपने संरक्षण में लेकर सुरक्षित खुटाघाट डैम में छोड़ दिया। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि बिकमा तालाब में अब भी करीब तीन बड़े मगरमच्छ मौजूद हैं, जिससे क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि तालाब के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें। फिलहाल मगरमच्छ के इन छह बच्चों की मौजूदगी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।