चर्चित सर्राफा व्यापारी हत्याकांड में पुलिस के हाथ लगा बड़ा सुराग,जंगल से मिला जला हुआ ज्वेलरी का सामान .ग्रामीणों ने देखा संदिग्धों को पुलिस कर रही पड़ताल ..


रिपोर्ट ,_अरविंद सिंह
डेस्क खबर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही./ जिले के कोटमी साप्ताहिक बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी से लूट के बाद बेखौफ होकर गोली मारकर हत्या किए जाने के चर्चित मामले में पुलिस के हाथ एक अहम सुराग हाथ लगा है। ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद कोटमी चौकी क्षेत्र के तिलोरा गांव स्थित बोदरा टोला जंगल से ज्वेलर्स के काम में उपयोग होने वाले पेच, मोती और आभूषण रखने के डिब्बे जली हुई अवस्था में बरामद किए गए हैं।
जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बरामद सामग्री को जब्त कर जांच शुरू कर दी। पुलिस को आशंका है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से इन सामानों को जंगल में जलाया होगा। पुलिस को शंका है कि अज्ञात बदमाशों ने हत्या के बाद के ज्वेलर्स से जो गहने लूट के भागे थे इस बरामद सामग्री का संबंध लूटे गए आभूषणों से हो सकता है।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया है कि घटना के दूसरे दिन सुबह जंगल क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियां देखी गई थीं। जिस स्थान से जले हुए सामान मिले हैं, वह घना वन क्षेत्र है और कोरबा तथा एमसीबी जिले की सीमाओं से जुड़ा हुआ है। ऐसे में पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि आरोपी जंगल के रास्ते सीमावर्ती क्षेत्रों की ओर फरार हुए हों।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जंगल से मिली सामग्री मामले की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है। फिलहाल गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत आसपास के जिलों की पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इस नए सुराग के आधार पर जल्द ही हत्याकांड और लूट की वारदात में शामिल आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिलेगी।

गौरतलब है कि कोटमी साप्ताहिक बाजार में मंगलवार को साप्ताहिक बाजार में दिनदहाड़े सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या निर्मम कर दी गई थी और बदमाश लाखों रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है,लेकिन पुलिस के हाथ अब तक पूरी तरह खाली है कयास लगाए जा रहे पुलिस के हाथों लगे इन अहम सुरागों के दम पर जल्द ही हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होगे। फिलहाल पुलिस ने भी किसी भी प्रकार के जानकारी या इस हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस की मदद करने पर 30 हजार का इनाम भी रखा हुआ है।
