


डेस्क खबर बिलासपुर ../ बिल्हा विधानसभा के सिरगिट्टी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 स्थित बन्नाक चौक में करोड़ों की कीमत की सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण और अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। क्षेत्र के निवासी मुकेश यादव ने कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा सरकारी जमीन पर दुकान व मकान बनाकर बिक्री की तैयारी की जा रही है।



शिकायत के अनुसार, वार्ड क्रमांक 11 और 12 के बीच स्थित सरकारी नाले पर भी पक्का निर्माण कर दिया गया है, जिससे बरसात के दिनों में पानी की निकासी प्रभावित होती है और आसपास का इलाका जलभराव की चपेट में आ जाता है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे वर्षों से रह रहे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार जनदर्शन से लेकर निगम आयुक्त को शिकायत करने के बाद भी अभी तक कार्यवाही नहीं होने से कब्जाधारी बेखौफ होकर अवैध रूप से निर्माण करवा रहे है इतना ही नहीं निस्तारी रास्ते में भी खुद का गेट लगा कर लोगो की आवाजाही रोकने की पूरी कोशिश जारी है विरोध के बाद भी स्थानीय लोगों को राहत नहीं मिल रही है।


आरोप है कि सरकारी स्कूल के रास्ते पर भी अतिक्रमण कर दिया गया है, जिससे स्कूली बच्चों को आने-जाने में कठिनाई होती है और बरसात के दौरान कीचड़ व जलभराव के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है। शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मांग की है कि सरकारी भूमि पर किए जा रहे कथित अवैध निर्माण और अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।