डेस्क खबर

पेंड्रा में हाई वोल्टेज ड्रामा: पारिवारिक विवाद के चलते हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस की सूझबूझ से सुरक्षित नीचे उतरा



वरिष्ठ पत्रकार राकेश मिश्रा की कलम से
डेस्क खबर पेंड्रा: छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक मौत की परवाह किए बिना बिजली के ऊंचे हाईटेंशन टावर पर जा चढ़ा। यह सनसनीखेज मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोड़गार चौकी के जिल्दा गांव का है, जहाँ देवल नाम के एक युवक ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। युवक को टावर की ऊँचाई पर चढ़ते देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही कोड़गार चौकी पुलिस और पड़ोसी जिला कोरबा की पसान थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। टावर के नीचे खड़े होकर पुलिस अधिकारी और ग्रामीण लगातार युवक को समझाने और उसे नीचे उतारने की कोशिशों में जुट गए। घंटों चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान वहां मौजूद हर व्यक्ति युवक की सलामती के लिए दुआ करता नजर आया। पुलिस ने बेहद धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक से बातचीत की और उसे शांत कराया।


काफी देर तक चली मान-मनौव्वल और पुलिस की समझाइश के बाद आखिरकार युवक का गुस्सा शांत हुआ और वह सुरक्षित नीचे उतर आया। युवक के सकुशल नीचे कदम रखते ही पुलिस प्रशासन और वहां मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। नीचे उतारने के तुरंत बाद पुलिस युवक को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल ले गई है। पुलिस का कहना है कि स्वास्थ्य जांच के बाद युवक से विस्तार से पूछताछ की जाएगी ताकि टावर पर चढ़ने के सटीक कारणों और पारिवारिक विवाद की जड़ का पता लगाया जा सके। फिलहाल, पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया है।

error: Content is protected !!