सरकारी चावल की कालाबाजारी , सरपंच का बेटा हुआ कैमरे में कैद , ग्रामीणों में आक्रोश

डेस्क खबर ../ सरकारी चावल की कालाबाजारी करते हुए सरपंच का बेटा कैमरे में कैद हो गया। जिसके बाद क्षेत्र में बवाल मचा हुआ है । सक्ती जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पीडीएस के चावल की कथित काला बाजारी ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला डभरा विकासखंड के ग्राम बरतुंगा का है, जहां ग्रामीणों ने सरपंच के बेटे पर सरकारी चावल की हेराफेरी का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को गांव के कुछ लोगों ने सरपंच के पुत्र को ट्रैक्टर में पीडीएस का चावल ले जाते हुए देखा और इस पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में कथित तौर पर वह चावल बेचने की बात करता भी सुनाई दे रहा है। इस घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने इस मामले का विरोध किया, तो उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई। उनका यह भी कहना है कि पंचायत चुनाव में हुए खर्च की भरपाई के लिए इस तरह की अवैध गतिविधियां की जा रही हैं। यह आरोप स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।इस पूरे मामले में गांव के युवक रणधीर चौहान ने भी खुलकर सामने आकर सवाल उठाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो इस तरह के भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा।अब देखना यह होगा कि एसडीएम डभरा और जिला खाद्य अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।