डेस्क खबर

अनियंत्रित रेत से भरा ट्रेलर पलटा: पेड़ और बिजली खंभे से भयंकर टक्कर , पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था हुई ठप ।



वरिष्ठ पत्रकार राकेश मिश्रा की कलम से

डेस्क खबर पेंड्रा। जिले के दुबटिया कुडकई गांव में बीती रात एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। तेज रफ्तार से आ रहा रेत से लदा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े एक बड़े पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर ने पेड़ को क्षतिग्रस्त करने के बाद बिजली के खंभों और हाईटेंशन तारों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरा वाहन पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। टक्कर के कारण कई बिजली के खंभे टूटकर गिर पड़े और तार जमीन पर बिखर गए, जिससे दुबटिया कुडकई सहित आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई।



हालांकि, इस गंभीर हादसे में राहत की बात यह रही कि चालक बाल-बाल बच गया और उसे केवल मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद बिजली विभाग की टीम तुरंत सक्रिय हुई और क्षतिग्रस्त खंभों व तारों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। फिलहाल, हादसे के कारण इलाके में अंधेरा पसरा हुआ है और लोग असुविधा का सामना कर रहे हैं।

error: Content is protected !!