डेस्क खबर

छत्तीसगढ़ में सरसों और महज 300 रु के लिए  तालिबानी सजा ! चोरी के शक में युवक को बांधकर की बर्बरता , आधा सिर मुंडवाकर गांव में घुमाया.! पुलिस जांच में जुटी ।



डेस्क खबर ../ महज 300 रु और कुछ किलो सरसों की चोरी के शक में छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के धारानगर गांव से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक को चोरी के आरोप में कथित तौर पर तालिबानी सजा दी गई। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने युवक पर 300 रुपए और सरसों चोरी करने का शक जताते हुए उसे पकड़ लिया और बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के हाथ-पैर बांधकर उसकी जमकर पिटाई की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके सिर का आधा हिस्सा जबरन मुंडवा दिया और कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया। इस दौरान युवक लगातार खुद को निर्दोष बताता रहा, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी।



घटना के दौरान जब युवक के माता-पिता उसे बचाने पहुंचे, तो आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। इस अमानवीय कृत्य से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह कानून को हाथ में लेना बेहद चिंताजनक है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि इस दौरान लोग तमाशबीन भी नजर आए ।



मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घटना को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही पीड़ित युवक और उसके परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है।

error: Content is protected !!