हिरण के बाड़े में घुसे आवारा कुत्ते , संजय पार्क में लापरवाही से 15 हिरणों की मौत, वन विभाग पर उठे गंभीर सवाल.! डीएफओ ने जांच समिति का किया गठन , दोषियों पर होगी कार्यवाही !!


आकाश प्रधान की कलम से
डेस्क खबर ./ छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित संजय पार्क में वन विभाग और पार्क प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां हिरण और कोटरी की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पार्क में बनाए गए बाड़े में बड़ी संख्या में हिरण, कोटरी और बारहसिंगा रखे गए थे। शनिवार की दोपहर बाड़े का गेट खुला रह जाने के कारण 4 से 5 आवारा कुत्ते अंदर घुस गए और उन्होंने जानवरों पर हमला कर दिया। सूत्रों का दावा है कि इस हमले में 15 से 16 हिरण और कोटरी की मौत हो गई। घटना के बाद भी एक बाड़े में हिरण का शव पड़े होने की बात सामने आई, जिससे प्रबंधन की गंभीर लापरवाही उजागर होती है। आरोप यह भी है कि मामले को दबाने के लिए पार्क प्रबंधन और वन विभाग के अधिकारियों ने साजिश रची और शवों को पार्क के पीछे जंगल में जलाकर नष्ट करने की कोशिश की गई।


घटनास्थल के पास से जली हुई चिता के अवशेष और खून से सना धारदार हथियार मिलने की भी बात सामने आई है। वहीं कुछ स्थानों पर ग्रीन पर्दा लगाकर शवों को दफनाने की जानकारी भी मिली है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है।
इस पूरे मामले में एक और बड़ा खुलासा यह है कि संजय पार्क में बिना सेंट्रल जू अथॉरिटी की अनुमति के ही वन्यजीवों को रखा गया था।

वहीं, डीएफओ अभिषेक जोगावत ने 15 हिरणों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि शुक्रवार रात 5 से 6 आवारा कुत्ते बाड़े में घुस गए थे। उन्होंने मामले की जांच के लिए एसडीओ के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित की है, जो दो दिनों में रिपोर्ट सौंपेगी। जांच के बाद दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।