अज्ञात बदमाश ने वकील के घर पेट्रोल डालकर लगाई आग ,मची सनसनी ! युवक की करतूत सीसीटीवी में हुई कैद ,आरोपी को पुलिस कर रही तलाश



अरविंद सिंह की कलम से
डेस्क खबर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला के मंगली बाजार क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अज्ञात व्यक्ति ने वकील आशुतोष मिश्रा के घर के मुख्य दरवाजे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के समय घर के भीतर परिवार के सदस्य मौजूद थे। दरवाजे से उठती लपटें और धुआं देखकर घर के लोगों को आग की भनक लगी, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और सभी ने मिलकर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति को घर के दरवाजे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाते हुए स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
पीड़ित की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस आगजनी की घटना को अंजाम देने का उद्देश्य क्या था आरोपी की गिरफ्तारी के बात ही स्पष्ट हो पाएगा लेकिन इस घटना के बाद से आसपास दहशत का माहौल बना हुआ है ।