प्रधान पाठक शराब के नशे में चड्डा पहनकर पहुंचे स्कूल, कैमरे में कैद हुई शर्मनाक तस्वीर….शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल ..?


राकेश कन्नौजिया की कलम से
डेस्क खबर ../ बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के प्राथमिक शाला रूपपुर में पदस्थ प्रधान पाठक मनमोहन सिंह का एक शर्मनाक मामला सामने आया है। आरोप है कि वह शराब के नशे में धुत होकर, केवल चड्डा पहनकर स्कूल पहुंचे।
यह पूरा घटनाक्रम मीडिया के कैमरे में कैद हो गया, जिसमें वह खुलेआम कैमरे के सामने यह कह रहे हैं कि डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने एक पाव शराब पीकर स्कूल आए हैं। लगातार छत्तीसगढ़ के अलग अलग क्षेत्रों से शिक्षकों के इस तरह शर्मनाक मामले सामने आ रहे है जिसके चलते प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे है ।
ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि मनमोहन सिंह अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इस संबंध में परिजनों ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) से कई बार शिकायत की है, लेकिन अब तक शिक्षा विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्कूल में बच्चों के सामने इस तरह का आचरण न केवल शिक्षा के स्तर को गिराता है, बल्कि मासूम विद्यार्थियों के भविष्य पर भी नकारात्मक असर डालता है।
ग्रामीणों का कहना है कि विभाग को ऐसे शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और सम्मान कायम रह सके। फिलहाल, मामला गंभीर होते हुए भी शिक्षा विभाग की चुप्पी सवाल खड़े कर रही है।