नशे में धुत शिक्षक कर रहा था बच्चियों के साथ डांस, वीडियो हुआ वायरल, किया गया सस्पेंड..।
प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल .??


राकेश कन्नौजिया की कलम से
डेस्क खबर बलरामपुर,../ छत्तीसगढ़ में एक बार फिर शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है । पूरा मामला वाड्रफनगर के पशुपतिपुर प्राइमरी स्कूल का है जहां नशे में धुत शिक्षक लक्ष्मीनारायण सिंह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे शराब के नशे में बच्चियों के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। शिक्षक मोबाइल पर गाना बजाकर छात्राओं के साथ अशोभनीय तरीके से थिरकते दिख रहे हैं।
यह वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्कूल के बच्चों ने आरोप लगाया है कि शिक्षक लक्ष्मीनारायण सिंह रोजाना शराब पीकर स्कूल आते हैं। बच्चों ने बताया कि वे हमेशा नशे की हालत में रहते हैं और छात्रों के साथ मारपीट भी करते हैं। बच्चों ने यहां तक कहा कि जब भी वह स्कूल आते हैं, डर लगता है।

घटना के वायरल वीडियो में शिक्षक की हालत स्पष्ट तौर पर नशे में दिख रही है। बच्चों की बातों और वीडियो को आधार मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया है। इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल वीडियो के आधार पर प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। स्कूल में बच्चों के साथ इस तरह के व्यवहार ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।