डेस्क खबरदेश

सांसें थम गईं, आँखें नम — पूर्व CM विजय रूपाणी की फ्लाइट हुई क्रैश, राजकोट में पसरा मातम



डेस्क खबर अहमदाबाद, 12 जून — गुरुवार दोपहर लंदन के लिए रवाना हुई एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही क्रैश हो गई। इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे। हादसे के बाद उनके राजकोट स्थित निवास के बाहर तनावपूर्ण माहौल है। पड़ोसी चिंतित हैं और किसी भी आधिकारिक पुष्टि का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं।

पैसेंजर लिस्ट के अनुसार, विजय रामनिकलाल रूपाणी 12वें यात्री के रूप में Z क्लास (बिजनेस क्लास) में यात्रा कर रहे थे। फ्लाइट में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर शामिल हैं। इनमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक थे।

राजकोट में विजय रूपाणी के घर के बाहर मौजूद पड़ोसी किरण नामक महिला ने ANI से बातचीत में कहा, “हमें जानकारी मिली है कि प्लेन क्रैश हो गया है और विजयभाई उसमें सवार थे, लेकिन कुछ भी आधिकारिक नहीं है। हम बेहद चिंतित हैं। हम 1988 से पड़ोसी हैं, परिवार जैसे हैं। विश्वास नहीं हो रहा कि ऐसा कुछ हो गया है।”

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां भेजी गई हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने घायलों के त्वरित इलाज के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने और अस्पतालों में सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

फ्लाइट टेकऑफ के तुरंत बाद एयरपोर्ट के पास घनी आबादी वाले मेघानीनगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। आसमान में काले धुएं के गुबार देखे गए, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

error: Content is protected !!