डेस्क खबर

पथर्रा गांव में किराना दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान,बेटी की शादी का सारा सामान जलकर खाक…!  परिजनों का रो रोकर बुरा हाल , ग्रामीणों ने लगाई मदद की गुहार।



अरविंद सिंह की कलम से
डेस्क खबर./ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा विकासखंड अंतर्गत पथर्रा गांव में शनिवार देर रात एक बड़ी आगजनी की घटना होने से हड़कंप मच गया। गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित एक किराना व मनिहारी दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने तेजी से फैलते हुए विकराल रूप ले लिया, आगजनी के कारण दुकान के साथ ही पीछे स्थित मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरा घर और दुकान आग की लपटों में घिर गया। स्थानीय लोगों ने जब धुआं उठता देखा तो तुरंत दुकान मालिक और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और पानी और मिट्टी की मदद से आग बुझाने का प्रयास करने लगे। थोड़ी देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।



इस हादसे में दुकान में रखा सारा सामान, घर की जरूरी चीजें, नकदी और सबसे दुखद बात यह रही कि घर की बेटी की शादी के लिए जोड़ा गया सारा दहेज का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। बताया जा रहा है कि इस अग्निकांड में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पीड़ित परिवार इस दुर्घटना से पूरी तरह टूट चुका है। आसपास के लोग और समाजसेवी अब मदद के लिए आगे आ रहे हैं। प्रशासन द्वारा भी नुकसान का आंकलन कर जल्द से जल्द सहायता राशि प्रदान करने की बात कही गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत दी जाए ताकि वे इस मुश्किल समय से उबर सकें।

error: Content is protected !!