कांग्रेसी विधायक कविता प्राण लहरे का विवादित वीडियो वायरल, बलात्कारी पप्पा जी को प्रणाम करने पर मचा हंगामा..!
बीजेपी ने जारी किया वीडियो तो MLA ने माफी मांगने से किया इंकार..!


डेस्क खबर../ छत्तीसगढ़ के बिलाईगढ़ से कांग्रेस विधायक कविता प्राण लहरे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह जालंधर के विवादित पादरी बजिंदर सिंह की सराहना करती नजर आ रही हैं। वीडियो में विधायक यह कहती सुनाई दे रही हैं कि “पप्पाजी की प्रेयर से ही वह विधायक बनीं।” इस वीडियो को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
बता दें कि बजिंदर सिंह को मोहाली कोर्ट ने यौन शोषण के एक मामले में दोषी करार दिया है और उसकी सजा पर फैसला 1 अप्रैल को सुनाया जाएगा। बजिंदर सिंह लंबे समय से चमत्कार के जरिए बीमारियों को ठीक करने के दावे करता रहा है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
बीजेपी ने किया हमला, कांग्रेस विधायक से माफी की मांग
बीजेपी ने इस वीडियो को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और विधायक कविता प्राण लहरे पर धर्मांतरण गिरोह के समर्थन का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं का कहना है कि एक बलात्कारी और धर्मांतरण कराने वाले व्यक्ति का समर्थन करना छत्तीसगढ़ की अस्मिता के खिलाफ है। उन्होंने विधायक से जनता से माफी मांगने की मांग की है।

विधायक कविता प्राण लहरे की सफाई
विवाद बढ़ने पर विधायक कविता प्राण लहरे ने प्रतिक्रिया दी और बीजेपी के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा, “मैं हर धर्म में जाती हूं। अभी नवरात्रि चल रही है और मैंने माता रानी की पूजा भी की है। बीजेपी जबरन मुद्दे को तूल दे रही है। माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता।”
यह विवाद अब तूल पकड़ चुका है, और देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह मामला किस दिशा में जाता है।