डेस्क खबर

VIDEO –डीजल संकट से अन्नदाताओ पर आर्थिक संकट ,किसान हुए बर्बाद ..500 एकड़ में तैयार पपीते की फसल पर चलाया ट्रैक्टर ।



डेस्क खबर ../ एक तरफ जहां केंद्र सरकार किसानों की आय दुगनी करने का दावा करती नजर आती है और देश में पेट्रोल डीजल की कोई कमी नहीं होने की बात कहती नजर आती है। तो दूसरी तरफ दुर्ग जिले से डीजल संकट और ट्रांसपोर्ट व्यवस्था ठप होने का सबसे बड़ा असर अब किसानों पर दिखाई देने लगा है। धमधा क्षेत्र में सैकड़ों किसानों को अपनी मेहनत से तैयार पपीते की फसल पर मजबूरी में ट्रैक्टर चलाना पड़ा। करीब 500 एकड़ से ज्यादा फसल खेतों में ही बर्बाद कर दी गई, जिससे किसानों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
किसानों का कहना है कि इस बार पपीते का भाव इतना गिर गया कि डेढ़ से दो रुपए किलो में भी खरीदार नहीं मिल रहे थे। ऊपर से डीजल संकट के कारण ट्रांसपोर्ट व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। मंडियों तक माल पहुंचाना मुश्किल हो गया और खेतों में तैयार फसल सड़ने लगी।


ग्रामीण किसानों ने बताया कि पिछले साल यही पपीता 20 रुपए किलो तक बिका था, लेकिन इस बार हालात इतने खराब हो गए कि लागत निकालना भी संभव नहीं रहा। 10 एकड़ से लेकर 50 एकड़ तक खेती करने वाले किसानों की सालभर की मेहनत कुछ ही दिनों में मिट्टी में मिल गई।
किसानों का दर्द साफ नजर आया। उनका कहना है कि फसल बचाते तो कर्ज और बढ़ता, इसलिए मजबूरी में ट्रैक्टर चलाकर फसल खत्म करनी पड़ी।खेतों में ट्रैक्टर चलते देख कई किसान भावुक भी नजर आए। अब प्रभावित किसान सरकार से राहत पैकेज, स्थायी बाजार व्यवस्था और डीजल संकट का जल्द समाधान करने की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आने वाले दिनों में खेती करना और मुश्किल हो जाएगा

error: Content is protected !!