मंदिरों में युवक ने मचाया उत्पात, आगजनी और तोड़फोड़ से फैला आक्रोश! पुलिस ने किया गिरफ्तार

डेस्क खबर../ कोरबा जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत जटगा चौकी क्षेत्र में एक युवक द्वारा मंदिर परिसर में जमकर उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले शिव मंदिर में आग लगा दी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद वह तालाब किनारे स्थित हनुमान मंदिर पहुंचा, जहां उसने मंदिर का ताला तोड़कर वहां भी आगजनी की।
इतना ही नहीं, युवक ने तालाब के पास स्थापित शिवलिंग को भी उखाड़कर पानी में फेंक दिया। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ महीने पहले भी इसी मंदिर परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा बदमाशी की गई थी, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं होने से ऐसी घटनाएं दोबारा हो रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीओपी कटघोरा विजय राजपूत और थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने मौके का निरीक्षण किया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान बैकुंठपुर निवासी रोहित खैरवार के रूप में हुई है, जो जटगा अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।