डेस्क खबरबिलासपुर

VIDEO –डिप्टी सीएम के गृहजिले में स्वास्थ्य व्यवस्था बेहाल,स्वास्थ्य कर्मचारी बेलगाम । सरकारी अस्पताल में बिना डाक्टर,नर्स के मोबाइल टॉर्च से हुई डिलीवरी ! आखिर किसने उपमुख्यमंत्री के नाम पर परिजनों को धमकाया .??



डेस्क खबर बिलासपुर ./ प्रदेश में लगातार बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है । प्रदेश के डिप्टी सीएम अरुण साव के गृह जिले मुंगेली जिले के लोरमी ब्लॉक स्थित 50 बिस्तर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में इमरजेंसी लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है। बीते दिन बिजली चले जाने के कारण एक गर्भवती महिला की डिलीवरी मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में करानी पड़ी। हैरानी की बात यह रही कि उस समय अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था और नर्सों ने ही डिलीवरी करवाई।मरीज महिला के पति हेमंत कुमार ने बताया कि उन्होंने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपनी पत्नी का इलाज यहां कराया, लेकिन हालात इतने खराब हैं कि यहां इलाज कराना खतरे से खाली नहीं है। उन्होंने भगवान का शुक्र अदा किया कि मां और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।



वहीं, परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने अस्पताल की अव्यवस्था पर सवाल उठाए, तो स्टाफ ने उल्टा उन्हें धमकाया और कहा कि “जहां शिकायत करनी है कर दो, विधायक और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव से भी शिकायत कर लो।”
इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में संसाधनों की भारी कमी है और जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और मरीजों को बेहतर सुविधाएं कब तक मिल पाती हैं। इन तस्वीरों और परिजनों के गंभीर आरोप के बाद अब विभाग और क्षेत्र में एक ही चर्चा है कि आखिर अस्पताल के किस स्टाफ ने उपमुख्यमंत्री के क्षेत्र में मरीजों को धमकाया था और किसके दम पर उलटा चोर कोतवाल को डांटे वाली कहावत को चरितार्थ किया था .??

error: Content is protected !!