
डेस्क खबर बिलासपुर../ छत्तीसगढ़ प्रदेश की न्यायधानी बिलासपुर के चर्चित महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूट कांड में नाम सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी राजू सोनकर को मंडल अध्यक्ष के कार्य प्रभार से मुक्त कर दिया है। साढ़े तीन करोड़ रुपये की लूट के मामले में राजू सोनकर का नाम जांच के दौरान सामने आने के बाद पार्टी संगठन ने तत्काल प्रभाव से यह निर्णय लिया।

बिलासपुर और उत्तरप्रदेश की पुलिस ने इस लूटकांड का पर्दाफाश करते हुए प्रेसवार्ता में चौंकाने वाले खुलासे करते हुए बताया कि इस पूरे गिरोह को यूपी से बुलाकर अंजाम देने के लिए शहर के आदतन बदमाश नारद श्रीवास और राजू सोनकर की बड़ी भूमिका थी । और बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष राजू सोनकर ने अपनी ही पार्टी के बीजेपी पार्षद बंधु मौर्य की हत्या के लिए 25 लाख की सुपारी देते हुए आरोपियों को 6 लाख रु एडवांस के तौर पर दिये थे । बताया जा रहा है कि बीजेपी द्वारा राजू सोनकर को अनुसूचित जाति वर्ग से बेलतरा क्षेत्र का मंडल अध्यक्ष बनाया गया था। मामले के तूल पकड़ने और राजनीतिक विवाद बढ़ने के बाद पार्टी ने संगठन की छवि को ध्यान में रखते हुए सख्त कदम उठाया।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है


कि राजू सोनकर को सभी संगठनात्मक दायित्वों और प्रभारों से तत्काल प्रभाव से मुक्त किया जाता है। पार्टी ने यह भी संकेत दिए हैं कि जांच पूरी होने तक संबंधित व्यक्ति से दूरी बनाए रखी जाएगी। गौरतलब है कि इस पूरे लूटकांड और साजिश का मास्टर माइंड नारद श्रीवास और राजू सोनकर बिलासपुर में बीजेपी विधायकों के काफी करीबी माने जाते थे और राजनैतिक से लेकर सामाजिक कार्यक्रमों में विधायकों के साथ इनकी तस्वीर सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में बवाल मचा हुआ था। इसको लेकर समाचार पत्रों से लेकर सोशल मीडिया में राजनैतिक संरक्षण चर्चा का विषय बना हुआ था ।

गौरतलब है कि जिले के एसएसपी रजनेश सिंह की अपराधों पर एंड टू एंड कार्यवाही करने की कार्यशैली के कारण ही महज कुछ घंटे में कानून के हत्थे चढ़े कुख्यात गिरोह से पूछताछ के बाद चौंकाने वाले खुलासे हुए थे, और बीजेपी पार्षद की हत्या सहित कई मामले में आरोपियों की संलिप्तता उजागर हुई थी । इधर, महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूट कांड को लेकर पुलिस की जांच लगातार जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। इस कार्रवाई के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।