Mungeli News:– स्वास्थ्य विभाग का रिश्वतखोर अकाउंटेंट 54 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़ाया, सेवानिवृत कर्मचारियों से ग्रेजुएटी निकलवाने मांग रहा था रिश्वत


Mungeli News:– स्वास्थ्य विभाग के एकाउंटेंट ने अपने विभाग के रिटायर्ड कर्मचारियों से ग्रेजुएट तथा अन्य राशि निकलवाने के लिए रिश्वत की मांग की थी। प्रार्थी की शिकायत पर ट्रैप आयोजन कर 54 हजार रुपए की रिश्वत लेते आरोपी अकाउंटेंट को गिरफ्तार एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने किया है।
Mungeli मुंगेली। मुंगेली जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने स्वास्थ्य विभाग के अकाउंटेंट को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। बीएमओ का अकाउंटेंट सेवानिवृत कर्मचारी से ग्रेजुएट तथा अन्य राशि निकलवाने की एवज में 54 हजार रुपए रिश्वत मांग रहा था। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने ट्रेप का आयोजन कर आरोपी अकाउंटेंट को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण इस प्रकार है कि पांच जुलाई को ग्राम फंदवानी जिला मुंगेली निवासी ललित सोनवानी द्वारा एसीबी इकाई बिलासपुर में इस आशय की शिकायत की गई थी कि वह स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के पद से दिनांक 30.6.25 को बीएमओ कार्यालय मुंगेली से सेवानिवृत्ति हुआ है। वह ग्रेच्युटी एवं अन्य राशि निकलवाने के लिए बीएमओ कार्यालय मुंगेली के अकाउंटेंट बृजेश सोनवानी से मिलने गया तो उसके द्वारा ग्रेच्युटी राशि निकलवाने के लिए उससे 61 हजार रुपए रूपये की मांग की जा रही थी। किंतु वह बृजेश सोनवानी को रिश्वत नहीं देना चाहता बल्कि उसे पकड़वाना चाहता है।

शिकायत का सत्यापन कराए जाने पर शिकायत सही पाई गई और सत्यापन के दौरान आरोपी बृजेश द्वारा प्रार्थी से 7000 रुपए ले लिया गया। सत्यापन पर शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना तैयार की गई । आज 8 जुलाई को को प्रार्थी को शेष रिश्वत रकम 54 हजार रुपए देने हेतु आरोपी के पास भेजा गया जो आरोपी द्वारा रिश्वती रकम तखतपुर के रियांश होटल के पास एक ढाबे में लेते ही उसे एसीबी की टीम द्वारा रंगे हाथों पकड़ लिया गया जिससे आसपास हड़कंप मच गया।पकड़े गए आरोपी से रिश्वत की रकम जप्त कर एसीबी के द्वारा उसके विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्यवाही की जा रही है तथा कार्यवाही उपरांत आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्यवाही की जायेगी।।
गौरतलब है कि एसीबी के द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों /कर्मचारियों की लगातार कार्यवाही की जा रही है । मुंगेली जिले में 7 माह के भीतर एसीबी की यह 6 वीं कार्यवाही है। इसके पूर्व प्राचार्य मालिक राम मेहर और बाबू हनी शर्मा ,राजस्व विभाग के राजस्व निरीक्षक नरेश साहू ,पटवारी सुशील जायसवाल और उसके सहायक तथा,पुलिस विभाग के सहायक उप निरीक्षक राजा राम साहू ,पटवारी उत्तम कुर्रे और सीएसपीडीसीएल के सब इंजीनियर कृष्ण कुमार गुप्ता और उसके सहायक के विरुद्ध एसीबी ने ट्रैप की कार्यवाही की थी।एसीबी सूत्रों ने स्पष्ट संकेत दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह कार्यवाही अनवरत जारी रहेगी।