
डेस्क खबर बिलासपुर./ शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित निराला नगर इलाके में संचालित एक गेस्ट हाउस और बिलासा होम्स को लेकर अब स्थानीय रहवासियों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया है कि इलाके में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और परिवारों में भय का वातावरण बन गया है। इस मामले को लेकर मोहल्ले में रहने वाले लोग ने बिलासपुर पुलिस कप्तान को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कर कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है ।
रहवासियों का कहना है कि संबंधित भवनों में देर रात तक बाहरी लोगों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यहां अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। कुछ लोगों ने नाबालिग लड़कियों के आने-जाने और कथित ब्लैकमेलिंग जैसी गंभीर बातों का भी आरोप लगाया है। हालांकि इन आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मोहल्ले के लोगों का कहना है कि कई बार विरोध और शिकायत के बावजूद स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। आरोप है कि शिकायत करने वालों को डराने-धमकाने की कोशिश भी की जाती है। महिलाओं और परिवारों ने कहा कि लगातार बिगड़ते माहौल से बच्चों और युवाओं पर भी गलत असर पड़ रहा है।
स्थानीय रहवासियों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए और यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि या मानव तस्करी जैसे तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।