



डेस्क खबर छत्तीसगढ़ ../ छात्रा पर एसिड अटैक के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मंगलवार को जिला न्यायालय में पेश किया गया। आरोपियों को कोर्ट ले जाते समय घड़ी चौक के पास बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने पुलिस वाहन को घेर लिया। भीड़ ने आरोपियों को वाहन से उतारने की कोशिश की और विरोध स्वरूप उन पर कालिख फेंकी। इस दौरान जूते-चप्पल भी फेंके गए।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल सुरक्षा घेरा बनाया और दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय परिसर में पहुंचाया। हालांकि आरोपियों की पेशी के बाद भी न्यायालय के बाहर युवाओं का आक्रोश थमा नहीं। बड़ी संख्या में कॉलेज छात्र-छात्राएं जुटे रहे और करीब एक घंटे तक विरोध-प्रदर्शन व नारेबाजी होती रही।
इस दौरान पीड़िता की बहन भी न्यायालय के गेट पर चढ़ गई और आरोपियों को तत्काल फांसी देने की मांग करते हुए विरोध जताया। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।
अधिवक्ताओं ने पैरवी से किया इनकार
मामले को लेकर न्यायालय परिसर में भी अधिवक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। बार काउंसिल अध्यक्ष सुनील सोनी के अनुसार, दोनों आरोपियों की ओर से पैरवी करने के लिए किसी भी अधिवक्ता ने केस लेने की इच्छा नहीं जताई। अध्यक्ष ने अधिवक्ताओं के साथ चर्चा के बाद आरोपियों की पैरवी नहीं करने की बात कही है।
वहीं, आरोपियों को उपलब्ध होने वाली विधिक सहायता के अधिवक्ता से भी मामले में पैरवी नहीं करने का अनुरोध किए जाने की बात सामने आई है।फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा में न्यायालय में पेश किया है। घटना के बाद बालोद में छात्रा पर हुए एसिड अटैक को लेकर युवाओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
