छत्तीसगढ़डेस्क खबर

देवी-देवताओं पर कथित टिप्पणी से मचा  बवाल, निगम दफ्तर में हंगामा; आयुक्त के पीए पर गैरजमानती धाराओं में केस ! निगम आयुक्त के PA व्हाट्सएप चैट वायरल !!



डेस्क खबर ../ दुर्ग नगर निगम कार्यालय उस वक्त हंगामे और तनाव का केंद्र बन गया, जब हिंदू देवी-देवताओं पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के पीए गौतम साहू ने व्हाट्सएप चैट में हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।


बताया जा रहा है कि एक युवती के साथ हुई व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसके बाद मामला तेजी से फैल गया। वायरल चैट हिंदू संगठनों तक पहुंचते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में नगर निगम कार्यालय पहुंच गए।.


कार्यालय परिसर में पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और धक्का-मुक्की व मारपीट की स्थिति बन गई। इस दौरान आरोपी गौतम साहू के साथ मारपीट होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के दौरान निगम कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


हिंदू संगठनों का कहना है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।


इधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए गौतम साहू को अपने साथ थाना ले गई।
पुलिस के अनुसार, वायरल चैट, वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में BNS की गैरजमानती धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस मारपीट और हंगामे के वीडियो भी खंगाल रही है, ताकि पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जा सके।

error: Content is protected !!