

डेस्क खबर बिलासपुर../ शहर के सरकंडा क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मेघदूत कॉलोनी के दैहान पारा इलाके में खड़ी दो कारों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों कारें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं।

जानकारी के मुताबिक, कॉलोनी में रहने वाले दो लोगों ने अपनी-अपनी कारें पास के खाली स्थान पर खड़ी की थीं। दोपहर के समय स्थानीय लोगों ने वहां से धुआं उठता देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि एक कार में आग लगी हुई है, जो तेजी से फैल रही थी। लोगों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की और दमकल विभाग को सूचना दी। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर कारें खड़ी थीं, वहां सूखे कचरे का ढेर लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि पहले कचरे में आग लगी और फिर उसने पास खड़ी दोनों कारों को अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।