आपत्तिजनक रील सोशल मीडिया मे हुई वायरल, जैन तीर्थंकर प्रतिमाओं का सोशल मीडिया पर उड़ाया गया मजाक, समाज में फैला आक्रोश कार्यवाही की मांग..!


डेस्क खबर../ ऐतिहासिक राजा मानसिंह किले में स्थित जैन तीर्थंकरों की प्राचीन प्रतिमाओं को लेकर एक आपत्तिजनक रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। वायरल वीडियो में एक महिला, जिसकी पहचान प्रीति कुशवाहा के रूप में हुई है, तीर्थंकर प्रतिमाओं का उपहास करती नजर आ रही है। वीडियो में वह जैन प्रतिमा के कपड़े न पहनने पर तंज कसती है और उसे सिर्फ एक “पत्थर का पुतला” बताती है।
वीडियो में कुछ लोग जूते-चप्पल पहने हुए प्रतिमाओं के पास चढ़ते भी दिखाई दे रहे हैं, जो जैन धर्म की आस्थाओं और नियमों का खुला उल्लंघन है। यह पूरा मामला ग्वालियर जिले के थाना बहोड़ापुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजा मानसिंह फोर्ट का है, जहां इन प्राचीन और पूजनीय प्रतिमाओं का धार्मिक महत्व है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही जैन समाज में भारी आक्रोश फैल गया। समाज के लोगों ने इसे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया और संबंधित महिला व अन्य लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए बहोड़ापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जैन समाज ने मांग की है कि ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जाए।