चुनाव ड्यूटी करना छोड़ महिला कर्मचारी से गुरु जी ने की अश्लील चैटिंग, कलेक्टर ने किया निलंबित । गुरुजी हुए फरार



डेस्क खबर – चुनाव ड्यूटी की सूचना देने के लिए महिला कर्मचारी द्वारा फोन करने पर नंबर प्राप्त कर सहायक शिक्षक ने उसे अश्लील मैसेज भेजे। शिकायत पर कलेक्टर ने सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया है। थाने में भी एफआईआर दर्ज करवाई गई है। आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
रायगढ़। चुनाव ड्यूटी करना छोड़ सहायक शिक्षक (टी) ने महिला कर्मचारी को व्हाट्सएप से एक तरफ अश्लील मैसेज भेजें। महिला कर्मचारी की शिकायत पर एसडीएम से जांच करवा कलेक्टर ने सहायक शिक्षक ताराचंद पटेल को निलंबित कर दिया है। महिला कर्मचारी ने खरसिया थाने में भी सहायक शिक्षक के खिलाफ अपराध दर्ज करवाया है।
चुनाव ड्यूटी की सूचना देने वाली महिला कर्मचारी को भेजे अश्लील मैसेज:–
सहायक शिक्षक (टी) ताराचंद पटेल प्राथमिक शाला लोधिया की ड्यूटी लोकसभा निर्वाचन-2024 में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 18-खरसिया के दल काउंटर क्रमांक-16 में मतदान सामग्री वितरण एवं प्राप्ति कार्य में लगायी गई थी। कार्यालय से दूरभाष पर प्रशिक्षण की सूचना दिए जाने पर सूचनाकर्ता महिला कर्मचारी से अभद्र व्यवहार किया गया तथा व्हाट्सअप के माध्यम से एकतरफा अश्लील चैट भेजा गया।

एसडीएम से जांच करवा हुआ निलंबन:–
कलेक्टर आकाश छिकारा ने सहायक शिक्षक ताराचंद पटेल के कृत्य को गंभीर मान एसडीएम से जांच करवाई। जांच प्रतिवेदन में एसडीएम ने माना की सहायक शिक्षक का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण)नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत गंभीर कदाचरण की श्रेणी में आता है तथा लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
सहायक रिटर्निंग ऑफिसर सह अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)खरसिया के उपरोक्त प्रतिवेदन से सहमत होते हुए सहायक शिक्षक ताराचंद पटेल को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1956 के नियम 09 के अधीन तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है तथा आरोप पत्र जारी करने हेतु निर्देशित किया गया है।
थाने में एफआईआर, आरोपी फरार:–
महिला कर्मचारी की शिकायत पर थाना खरसिया में एफ.आई.आर.दर्ज की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी फरार है, पुलिस द्वारा टीम गठित कर पतासाजी की जा रही है।