


डेस्क खबर छत्तीसगढ़ ./ जंगल का बेजुबान मेहमान शायद रास्ता भटक गया था… लेकिन उसे क्या पता था कि शहर की सड़कें उसके लिए मौत का रास्ता बन जाएंगी। एसपी बंगले के सामने पहुंचा एक हिरण तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल हिरण ने आखिरकार दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि हिरण अचानक सड़क पर पहुंचता है और कुछ ही सेकंड में तेज रफ्तार कार से टकरा जाता है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बेजुबान सड़क पर कई गुलाटी मारते हुए नजर आ रहा है इस दौरान किसी तरह उठ कर अपनी जान बचाते भी नजर आया लेकिन इलाज और बचाव की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी और एक बार फिर रफ्तार के कहर के चलते उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कांकेर जिले की वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन की रफ्तार व चालक की भूमिका क्या थी। यह हादसा सिर्फ एक हिरण की मौत नहीं, बल्कि इंसानी रफ्तार और वन्यजीवों की सुरक्षा के बीच बढ़ती खाई की दर्दनाक तस्वीर भी है। सवाल यह है कि आखिर कब तक बेजुबान वन्यजीव सड़कों पर यूं ही अपनी जान गंवाते रहेंगे? क्या इस घटना के बाद प्रशासन वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाएगा, या यह मामला भी कुछ दिनों की चर्चा बनकर रह जाएगा?