


डेस्क खबर सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। जोंगरा गांव में दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने 25 वर्षीय पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की उसके ही घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने पहले नाम लेकर युवती को बाहर बुलाया और फिर बेहद करीब से उस पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार पूर्णिमा चौहान पिछले चार वर्षों से एक निजी कंपनी में हेल्थ प्रोडक्ट्स की मार्केटिंग और सेल्स का काम कर रही थी। उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक विवाद के बाद वह पिछले दो वर्षों से अपने मायके जोंगरा गांव में रह रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक से घर पहुंचे। दोनों ने अपने चेहरे सफेद गमछे से ढक रखे थे। एक आरोपी घर के भीतर पहुंचा और पूर्णिमा के बारे में पूछताछ की। जैसे ही वह बाहर आई, आरोपी ने बिना किसी बहस या विवाद के सीधे उस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां सिर और सीने में लगने से वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।

मृतका की मां चमेली बाई चौहान ने बताया कि युवक दवा लेने के बहाने घर आया था। बेटी ने बाहर निकलकर पूछा, “भैया, आप कहां से आए हैं?” इतने में आरोपी ने पहली गोली उसके सिर में मार दी। जमीन पर गिरने के बाद भी हमलावर नहीं रुका और उसकी छाती में दो और गोलियां दाग दीं। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डायल-112, साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर नाकेबंदी शुरू कर दी है।

पुलिस का मानना है कि वारदात किसी परिचित व्यक्ति द्वारा अंजाम दिए जाने की आशंका है, क्योंकि आरोपी सीधे मृतका के घर पहुंचे और नाम लेकर उसे बाहर बुलाया। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

दिनदहाड़े घर पहुंचकर की गई इस हत्या ने जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वही इस मामले में कांग्रेस भी हमलावर हो गई है और बीजेपी राज में कानून व्यस्था पर सवाल खड़ी कर रही है। फिलहाल आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है ।