

डेस्क खबर बिलासपुर../ शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत लिंगियाडीह इलाके में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि घर में रखे फ्रिज में अचानक ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार 57 वर्षीय जया अग्रवाल अपने घर के अंदर मौजूद थीं, तभी देर रात अचानक जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरे मकान में आग फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को भी सूचना दी।
दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक महिला बुरी तरह झुलस चुकी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। क्षेत्र के पार्षद दिलीप पाटिल से मिली जानकारी के अनुसार महिला घर में अकेली रहती थी और कुछ दिनों पहले ही उनके मुंहबोले वकील भाई की बंगलौर में इलाज के मौत हुई थी । आशंका जताई जा रही है कि फ्रिज में ब्लास्ट होने के बाद घर में आग लगने के कारण महिला आग की लपटों में घिर गई होगी और उसे भगाने का भी मौका नहीं मिला होगा । पार्षद दिलीप पाटिल और स्थानीय निवासियों ने पानी से आग बुझाने की भी कोशिश की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी । प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि फ्रिज में ब्लास्ट होने की वजह से यह हादसा हुआ, जिससे घर में आग भड़क गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।